उत्तर प्रदेश : पशु अवशेष से भरी कैंटर चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, नकदी व अवैध असलहा बरामद

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना हाफिजपुर पुलिस ने करीब एक माह पहले सोना पेट्रोल पंप के पास से आठ टन पशु अवशेष से लदी कैंटर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पशु अवशेष बेचकर प्राप्त 51,500 रुपये की नकदी और एक अवैध असलहा भी बरामद किया है।
सीओ अनीता चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि हापुड़ नगर के मोहल्ला भंडापट्टी सिकंदरगेट निवासी सारिक उर्फ बबलू ने पांच फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 जनवरी को कैंटर चालक मतीन निवासी गांव ललियाना जिला मेरठ पशु अवशेष लादकर बनारस से हापुड़ आया था। दो फरवरी को दोपहर करीब एक बजे सारिक के भाई तारिक ने चालक मतीन से फोन पर बातचीत की, जिसमें उसने बताया कि वह कैंटर लेकर सोना पेट्रोल पंप के पास पहुंच गया है। जब कुछ देर बाद तारिक मौके पर पहुंचे तो वहां कैंटर नहीं मिली, जिसके बाद चालक मतीन और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की और कैंटर चालक मतीन के साथी गुफरान निवासी गांव जड़ौदा जिला मेरठ, हाल निवासी तारापुरी रोड कुट्टी वाली गली मेरठ को रामपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नकदी और अवैध असलहा बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में फरार मुख्य आरोपी मतीन और अन्य साथियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





