उत्तर प्रदेश : बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: ज्वेलर्स का पूरा परिवार खत्म, कार-ट्रक की टक्कर में 8 की मौत

Lucknow/Barabanki : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। देवा कोतवाली क्षेत्र के कुतलूपुर गांव के पास बेकाबू ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में फतेहपुर कस्बे के ज्वेलर प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी और दोनों बेटे शामिल हैं।

कार सवार सभी लोग बिठूर से गंगा स्नान कर लौट रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि 14 फीट की कार सिमटकर लगभग 7 फीट की रह गई। एयरबैग तक खुलने का मौका नहीं मिला। गाड़ी के अगले हिस्से को गैस कटर से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान प्रदीप रस्तोगी (60), उनकी पत्नी माधुरी (55), बेटे नितिन (35) और नैमिष (15), चालक श्रीकांत शुक्ला (50) और पड़ोसी बालाजी मिश्रा (55) के रूप में हुई है। दो अन्य गंभीर घायलों इंद्र कुमार (50) और विष्णु (15) ने लखनऊ में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया।

प्रदीप रस्तोगी फतेहपुर कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज में ‘गौरी ज्वेलर्स’ के नाम से दुकान चलाते थे। हादसे में परिवार का कोई भी सदस्य जीवित नहीं बचा। बताया जा रहा है कि प्रदीप की बड़ी बेटी का निधन भी पांच वर्ष पहले हो चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के साथ ऐसा लगा मानो कोई विस्फोट हुआ हो। तेज धमाके से आस-पास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा।

हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाए, तब जाकर यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img