Golden Goal Cup: आईएमएस नोएडा में फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 30 टीमों ने लिया हिस्सा

Golden Goal Cup: आईएमएस नोएडा में फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 30 टीमों ने लिया हिस्सा
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) में तीन दिवसीय गोल्डन गोल कप ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन 18 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए, जबकि इस पूरे टूर्नामेंट में स्कूल, कॉलेज, स्पोर्ट्स एकेडमी, स्पोर्ट्स क्लब और कॉरपोरेट वर्ग की कुल 30 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता (आर्थिक मामले) गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने शिरकत की। इस अवसर पर आईएमएस के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता, महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रीना मैसी सहित संस्थान के शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।
आईएमएस के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद छात्र जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह न केवल शारीरिक तंदरुस्ती को बढ़ावा देता है, बल्कि टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की क्षमता विकसित होती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। उन्होंने यह भी कहा कि खेल आज रोजगार के नए अवसर प्रदान कर रहा है और स्वस्थ भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है।
वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। इनके माध्यम से छात्र समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुण सीखते हैं। महानिदेशक प्रो. (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में करियर की संभावनाओं को भी समझें और अपनी तैयारी उसी अनुरूप करें।
स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रीना मैसी ने जानकारी दी कि पहले दिन खेले गए मुकाबलों में एमयूआईटी ने जयपुरिया कॉलेज को 5-2 से हराया। जेएमएस एकेडमी ने गलगोटिया कॉलेज को 2-0 से मात दी। जेएसएस कॉलेज ने सौर्या एफसी को 2-0 से पराजित किया। डीजी वॉरियर्स ने हिंडन एफसी पर 10-2 की बड़ी जीत दर्ज की। सिंबायोसिस ने मिलान एफसी को 3-1 से हराया। गोल्डन एफसी ने मुजफ्फरनगर यूनाइटेड को 5-2 से मात दी, जबकि दिल्ली वॉरियर्स ने हिमालयन एफसी को 6-0 से शिकस्त दी।
गोल्डन गोल कप प्रतियोगिता ने पहले ही दिन यह संकेत दे दिया है कि आने वाले मुकाबले और भी रोमांचक होंगे। आईएमएस नोएडा का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है, बल्कि युवाओं में प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना को भी मजबूत कर रहा है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





