उत्तर प्रदेश : हापुड़ में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में छिजारसी टोल प्लाजा के पास शुक्रवार को प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत का कार्यालय और उससे जुड़ी चाय की दुकान को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम मनोज सिंह, सीओ अनीता चौहान और कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार यह कार्यालय जिला उपाध्यक्ष प्रदीप तेवतिया का बताया जा रहा है, जो लंबे समय से संचालित हो रहा था। परिसर में चीनू द्वारा चाय की दुकान भी चलाई जा रही थी। प्रशासन का कहना है कि एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार टोल प्लाजा के पास हाइवे किनारे किसी भी प्रकार का स्थायी या अस्थायी निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अधिकारियों के मुताबिक संबंधित संचालक को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद शुक्रवार सुबह सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के विरोध में सैकड़ों की संख्या में भाकियू कार्यकर्ता मौके पर ही धरने पर बैठ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।
एसडीएम मनोज सिंह ने स्पष्ट कहा कि टोल प्लाजा के आसपास किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई करनी पड़ी।



