उत्तर प्रदेश : संवारी जाएगी ब्रज की विरासत, 200 स्मारकों के संरक्षण की योजना

Mathura News (सौरभ) : मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि ब्रज की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को अब नई संजीवनी मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने ब्रज के प्राचीन स्मारकों और धरोहर स्थलों के संरक्षण की दिशा में व्यापक योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विरासत सर्वे की रिपोर्ट प्रस्तुत

परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र की अध्यक्षता में परिषद सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में डिजायन एसोसिएट इंक द्वारा तैयार विरासत सर्वे की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि ब्रज के धार्मिक ग्रंथों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के अध्ययन के अनुसार क्षेत्र में 870 विरासत स्मारक हैं। इनमें से 542 स्मारकों का भौतिक सत्यापन पूर्ण कर लिया है।

200 स्मारकों का संरक्षण

सर्वेक्षण के दौरान इनमें से 220 स्मारकों को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है, जिनमें से 200 स्मारक संरक्षण कार्ययोजना में सम्मिलित किए जाएंगे। इनमें 71 स्मारक सरकारी भूमि पर, जबकि 129 स्मारक निजी स्वामित्व या ट्रस्ट की भूमि पर स्थित हैं।

संरक्षण की प्राथमिकता

बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा, “ब्रज की धरती का प्रत्येक स्थल अपने भीतर अनमोल इतिहास और भक्ति का संदेश समेटे हुए है। हमारी जिम्मेदारी है कि इन धरोहरों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।” उन्होंने कहा कि इस पहल से श्रद्धालु और पर्यटक ब्रज की प्राचीन संस्कृति से सीधे जुड़ सकेंगे।

आगे की कार्रवाई

परिषद के पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा ने बताया कि संरक्षण का दायित्व परिषद के अंतर्गत गठित ब्रज शहरी विकास, धरोहर एवं परिस्थिति प्रबंधन प्रकोष्ठ को सौंपा जाएगा, जो इन स्मारकों के पुनर्निर्माण, सौंदर्यीकरण और रखरखाव की दिशा में योजनाबद्ध कार्य करेगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img