UPPCS Result Success Story: दादरी की दो सगी बहनों ने रचा इतिहास, चौथे और पांचवें प्रयास में बनीं अधिकारी

UPPCS Result Success Story: दादरी की दो सगी बहनों ने रचा इतिहास, चौथे और पांचवें प्रयास में बनीं अधिकारी
नोएडा के दादरी क्षेत्र के डेरी मच्छा गांव की दो सगी बहनों ने कठिन संघर्ष और लगातार प्रयासों के बाद बड़ी सफलता हासिल की है। UPPCS 2024 Result के अंतिम परिणाम में दोनों बहनों का चयन असिस्टेंट कमिश्नर (कॉमर्शियल टैक्स) पद पर हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
गौतम बुद्ध नगर की रहने वाली नेहा नागर को 156वीं रैंक और उनकी बहन निधि नागर को 166वीं रैंक प्राप्त हुई है। नेहा का यह चौथा प्रयास था, जबकि निधि का पांचवां प्रयास रहा। दोनों बहनों ने लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह सफलता हासिल की।
नेहा नागर ने बताया कि वह दूसरी बार इंटरव्यू तक पहुंची थीं और हर असफलता के बाद उन्होंने खुद को और बेहतर करने पर ध्यान दिया। इस बार आखिरकार उनका चयन हो गया। वहीं उनकी बहन निधि भी तीसरी बार इंटरव्यू में शामिल हुई थीं और लंबे संघर्ष के बाद सफलता उनके हाथ लगी।
दोनों बहनों ने बताया कि उनकी सफलता में सबसे बड़ा योगदान सेल्फ स्टडी और परिवार का सहयोग रहा। उन्होंने दादरी के एक निजी स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई की और लगातार मेहनत को ही सफलता का आधार बनाया।
उन्होंने बताया कि असफलताओं के बावजूद उनके पिता लगातार उन्हें प्रोत्साहित करते रहे और कहते थे कि “अगर इस बार नहीं तो अगली बार जरूर सफलता मिलेगी।” इसी प्रेरणा ने उन्हें कभी हार नहीं मानने दी।
दोनों बहनों ने यूपीपीसीएस की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को संदेश दिया कि संघर्ष चाहे जितना लंबा हो, लेकिन मेहनत और धैर्य से सफलता निश्चित मिलती है।
यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।





