अमर सैनी
नोएडा। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने ठेकेदार की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में साझेदार दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने रुपये के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से बांदा निवासी सुरेश पांडे ने न्यायालय में याचिका दायर की थी कि उसका भाई लवकुश पांडे सेक्टर-123 पर्थला खंजरपुर की कॉलोनी में रहता था। लवकुश पांडे का हाउस कीपिंग का काम था। लवकुश के साथ उसका दोस्त फतेह सिंह भी आधे का साझेदार था। पिछले दो वर्ष से दोनों साथ मिलकर काम कर रहे थे। लवकुश के फतेह सिंह पर 1,70,000 रुपये उधार थे। लवकुश अपने रुपचे मांगता तो फतेह सिंह उसके साथ गलत व्यवहार करता। इसी बीच 10 मई को लवकुश की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इटेड़ा के समीप झुग्गियों में उसका शव पड़ा मिला था। सुरेश का आरोप है कि उसके भाई की हत्या की गई है। हत्या का आरोप सुरेश ने लवकुश के साझेदार दोस्त फतेह सिंह पर लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने फतेह सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


