Subroto Cup 2026: देश के नौनिहाल फुटबॉलरों का महाकुंभ 18 अगस्त से
नई दिल्ली, 13 अगस्त: भारतीय स्कूल फुटबॉल के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 18 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर के राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की 107 टीमें हिस्सा लेंगी। इस बार श्रीलंका की टीम के शामिल होने से टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप भी मिलेगा।
प्रतियोगिता में तीन वर्गों—जूनियर गर्ल्स अंडर-17, सब-जूनियर बॉयज अंडर-15 और जूनियर बॉयज अंडर-17—में मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 215 से अधिक मुकाबले खेले जाएंगे।
जूनियर गर्ल्स वर्ग के मुकाबले 18 अगस्त से दिल्ली-एनसीआर में शुरू होंगे। सब-जूनियर बॉयज वर्ग की प्रतियोगिता 1 सितंबर से बेंगलुरु में और जूनियर बॉयज वर्ग के मुकाबले 15 सितंबर से दिल्ली-एनसीआर में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि एयर मार्शल एस. शिवकुमार, वीएसएम, एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन एवं सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी के उपाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय वायुसेना और सोसाइटी टूर्नामेंट को हर वर्ष और व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और फुटबॉल करियर को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
भारतीय महिला फुटबॉल की दिग्गज खिलाड़ी आशालता देवी लोइतोंगबम भी समारोह में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
दिल्ली में प्रतियोगिता के मुकाबले अंबेडकर स्टेडियम, सुब्रतो पार्क, पिंटो पार्क, तेजस फुटबॉल ग्राउंड और राजोकरी फुटबॉल ग्राउंड में खेले जाएंगे। वहीं बेंगलुरु में जालहल्ली और येलहंका स्थित मैदानों पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
सुब्रतो कप की शुरुआत वर्ष 1960 में हुई थी। इसका नाम भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एयर मार्शल सुब्रतो मुखर्जी के सम्मान में रखा गया था। समय के साथ यह टूर्नामेंट देश में जमीनी स्तर पर फुटबॉल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के प्रमुख मंचों में शामिल हो गया है।

