उत्तर प्रदेशराज्य

Noida: यूपी रेरा ने 134 रियल एस्टेट एजेंटों को दिए प्रमाणपत्र, अब तक 1853 लोगों को मिला प्रशिक्षण

Noida: यूपी रेरा ने 134 रियल एस्टेट एजेंटों को दिए प्रमाणपत्र, अब तक 1853 लोगों को मिला प्रशिक्षण

नोएडा। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने सोमवार को आयोजित एजेंट प्रशिक्षण प्रमाणन कार्यक्रम के तहत 134 रियल एस्टेट एजेंटों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। इसके साथ ही यूपी रेरा अब तक कुल 42 प्रशिक्षण बैच आयोजित कर चुका है, जिनमें 1,853 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया है।

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चार दिनों का होता है। पहले तीन दिनों में प्रतिभागियों को रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम (रेरा), उपभोक्ता अधिकार, संपत्ति खरीद-बिक्री से जुड़े कानूनी प्रावधानों और रियल एस्टेट एजेंटों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाती है।

उन्होंने बताया कि चौथे दिन लिखित परीक्षा आयोजित की जाती है। परीक्षा में सफल होने वाले प्रतिभागियों को ही प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। इस पूरी प्रशिक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और पेशेवर कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना है।

प्राधिकरण के अनुसार, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की फीस 6,000 रुपये निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान सचिव महेंद्र वर्मा, प्रधान सलाहकार अबरार अहमद, वित्तीय सलाहकार सुधांशु त्रिपाठी, संयुक्त सचिव के.के. सिंह, सहायक निदेशक अमरीश कुमार, मीडिया सलाहकार प्रांजल दीक्षित और आकाश यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यूपी रेरा का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से रियल एस्टेट क्षेत्र में उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा और संपत्ति से जुड़े लेनदेन अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनेंगे।

Related Articles

Back to top button