Mathura : मथुरा में अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव की तर्ज पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन क्रीड़ास्थली में भी दीपोत्सव का भव्य आयोजन अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर और ऐतिहासिक ठाकुर केशव देव मंदिर में हजारों दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे संपूर्ण परिसर अलौकिक आभा और दिव्य रोशनी से नहा उठा।
दीपोत्सव के इस पावन मौके पर बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालुओं और बृजवासियों ने ठाकुर जी के समक्ष दीप जलाकर क्षेत्र एवं देश की सुख समृद्धि और शांति की कामना की। दीपोत्सव के दौरान पूरे मंदिर परिसर में जय श्रीकृष्णा और राधे राधे के उद्घोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद मथुरा वृंदावन के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के पुनरुद्धार के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की जमकर सराहना की।
दीपक जलाने पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद धार्मिक स्थलों के हुए कायाकल्प पर खुशी जताई। भक्तों का कहना था कि अयोध्या की भांति अब मथुरा और बृज क्षेत्र के तीर्थ स्थलों का भी अभूतपूर्व विकास हो रहा है। श्रद्धालुओं ने धार्मिक सांस्कृतिक चेतना को पुनर्जाग्रत करने और तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापित किया।





