Hapur News : हापुड़ के गढ़ रोड पर देवनंदिनी अस्पताल के पास चल रही अंग्रेजी और देसी शराब की दुकानों को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। महिलाओं का आरोप है कि शराब पीकर आने वाले लोग आए दिन अभद्रता करते हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है।
सोमवार को आसपास के कई इलाकों की महिलाएं ठेके के पास पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक दोनों दुकानें वहां से हटाई नहीं जातीं, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उनका कहना है कि अस्पताल के पास दुकानें होने से माहौल खराब हो रहा है और शराब पीने के बाद कुछ लोग अभद्र व्यवहार करते हैं।
महिलाओं ने संबंधित अधिकारियों से दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है। बता दें कि तीन दिन पहले गढ़ रोड पर एक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद से शराब की दुकानों को हटाने की मांग और तेज हो गई है। महिलाओं का कहना है कि इन दुकानों के कारण कई समस्याएं पैदा हो रही हैं, इसलिए जनहित को देखते हुए दोनों ठेकों को यहां से हटाया जाना चाहिए।





