Gautam Buddh Nagar Polling Stations: जिले में 766 मतदान केंद्र और 1926 मतदेय स्थल निर्धारित, चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची
गौतमबुद्ध नगर जिले में विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन विभाग ने मतदेय स्थलों के संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब जिले की तीनों विधानसभा सीटों में कुल 766 मतदान केंद्रों पर 1926 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या में बदलाव किया गया है। इससे पहले मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ 21 अक्टूबर और 26 अक्टूबर को बैठकें कर विचार-विमर्श किया गया और प्राप्त सुझावों पर विचार के बाद मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिया गया। संशोधन के प्रस्ताव 27 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजे गए थे, जिन्हें परीक्षण के बाद अब अनुमोदित कर दिया गया है।
स्वीकृति के अनुसार नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 234 मतदान केंद्रों पर 784 मतदेय स्थल, दादरी में 328 मतदान केंद्रों पर 747 मतदेय स्थल और जेवर में 204 मतदान केंद्रों पर 395 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार मतदेय स्थलों की संख्या के लिहाज से नोएडा विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जबकि मतदान केंद्रों की संख्या दादरी में सबसे अधिक है।
पुनर्गठन से पहले जिले में कुल 743 मतदान केंद्र और 2024 मतदेय स्थल थे। संशोधन के दौरान 32 नए मतदान केंद्र और 12 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए, जबकि नौ मतदान केंद्र और 110 मतदेय स्थल कम किए गए। इस तरह मतदान केंद्रों की संख्या 743 से बढ़कर 766 हो गई है, जबकि मतदेय स्थलों की संख्या 2024 से घटकर 1926 रह गई है।
जिले में अब चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने 12 नवंबर तक ड्राफ्ट जारी करने का लक्ष्य रखा था, जिसकी तिथि बढ़ाकर 17 नवंबर कर दी गई है। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, सुधार और पता परिवर्तन के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरे जा सकते हैं। बताया गया है कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत जिले से 3.50 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं, जिनके लिए सूची में नाम जुड़वाने का यह अंतिम मौका है।






पाठकों की राय