Noida Crime News: स्कॉर्पियो कार में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से कर रही जांच

Noida Crime News: स्कॉर्पियो कार में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से कर रही जांच
नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो कार के अंदर प्रॉपर्टी डीलर का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल के पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी के अनुसार, रविवार देर रात पुलिस गश्त के दौरान डेल्टा-3 स्थित ओ-ब्लॉक तिराहे के पास एबीजी हाईट्स सोसाइटी के निकट सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। कार की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं।
पुलिस जब वाहन के पास पहुंची तो चालक सीट पर बैठे व्यक्ति के शरीर से खून बह रहा था। कार के पास एक देसी तमंचा भी पड़ा मिला। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय सौराज पुत्र प्रेमराज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली के ग्राम जुमरथपुर के निवासी थे और वर्तमान में मिग्सन ग्रीन सोसाइटी में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को अवसाद के चलते आत्महत्या की आशंका है, जबकि स्थानीय लोगों ने हत्या की संभावना जताई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है।





