Noida Crime: ऑटो में बैठाकर यात्रियों से लूट करने वाले गैंग का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

Noida Crime: ऑटो में बैठाकर यात्रियों से लूट करने वाले गैंग का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने यात्रियों को ऑटो में बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन, 2,250 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 24-25 जून 2026 की रात एक पीड़ित ने थाना सेक्टर-63 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार तीन लोगों ने उसे बरौला जाने के बहाने ऑटो में बैठाया और पर्थला पुल से सेक्टर-80 की ओर स्थित सुनसान सर्विस रोड पर ले जाकर उसका मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कर लिए।

मामला दर्ज होने के बाद थाना सेक्टर-63 पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। स्थानीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने बी-1 चौराहे के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप की ओर जाने वाली सर्विस रोड से दानिश मलिक और चंदन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चंदन शर्मा चाय की दुकान चलाता था, जबकि दानिश मलिक रात में ऑटो चलाता था। दोनों ने मिलकर यात्रियों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। वे नोएडा के अलग-अलग स्थानों से सवारी बैठाते और उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। वारदात के बाद पीड़ित को दूसरी जगह छोड़कर फरार हो जाते थे और लूटी गई रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 2,250 रुपये नकद, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। ऑटो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी लूट, चोरी, अवैध हथियार और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img