
New Delhi : भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाग लेकर देशभर से आए युवाओं का उत्साह बढ़ाया। दुनिया के सबसे बड़े हैकाथॉन के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों प्रतिभागियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जहां इस वर्ष का मुख्य विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोट तकनीक और जनहित से जुड़े नवाचार रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मौजूद युवा केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शहरों को बेहतर बनाने, लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज को अधिक सक्षम बनाने के लिए ठोस समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही पीढ़ी विचारों को नवाचार में और नवाचार को प्रभाव में बदलने की क्षमता रखती है।
उन्होंने युवाओं की ऊर्जा, कौशल और संकल्प को भारत की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि देश की 60 प्रतिशत से अधिक युवा आबादी ही भारत की वास्तविक ताकत है, जो आने वाले समय में देश को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हैकाथॉन में एक करोड़ से अधिक प्रतिभागियों में से चयनित 5000 से अधिक युवा भारत के डिजिटल भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने युवाओं से ‘दिल्ली 2.0’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ऐसी दिल्ली का निर्माण किया जाना चाहिए जो नवाचार से प्रेरित, समावेशन से सशक्त और तकनीक के साथ विश्वास को समान महत्व देने वाली हो। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार युवाओं के विचारों और नवाचारों को शासन प्रणाली से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि तकनीक के माध्यम से नागरिकों का जीवन अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।





