
Naib Singh Saini: लोहड़ी हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
रिपोर्ट : कोमल रमोला
चंडीगढ़, 11 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोहड़ी का पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे त्योहार न केवल खुशियां बांटने का अवसर देते हैं, बल्कि हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हुए प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के लिए यह जरूरी है कि वह आधुनिकता के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज कर रखे, क्योंकि यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और यही भविष्य को सही दिशा देने का माध्यम भी बनती है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ रविवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा स्थित शिवाला राम कुंडी में आमजन के साथ मिलकर लोहड़ी का पर्व उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाया। उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर लोहड़ी को प्रज्वलित किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां हर पर्व अपनी अलग पहचान और संदेश लेकर आता है। लोहड़ी हमारी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। आग के चारों ओर घूमकर तिल, रेवड़ी, गुड़ और मूंगफली अर्पित करना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह पीढ़ियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने और उनके महत्व को समझाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में लोहड़ी जैसे पर्व और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं, क्योंकि ये हमें सामाजिक मूल्यों की याद दिलाते हैं।
मुख्यमंत्री ने दुल्ला भट्टी का उल्लेख करते हुए कहा कि अकबर के काल में उन्होंने अपहरण की गई अनेक लड़कियों को गुलामी से बचाया था। इसी कारण लोहड़ी के अवसर पर दुल्ला भट्टी को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज को दुल्ला भट्टी जैसी सोच और साहस की जरूरत है, ताकि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि लोहड़ी का पर्व सामाजिक जीवन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह त्योहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है, सामूहिक रूप से खुशियां मनाने, गाने, नाचने और भोजन साझा करने का अवसर देता है। इससे समाज में भाईचारे, सहयोग और समर्पण की भावना मजबूत होती है। मजबूत समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है, और इसके लिए समानता व सहभागिता का भाव जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने समाज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें संकल्प लेना होगा कि हम बेटियों की रक्षा करेंगे और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देंगे। उन्होंने कहा कि अब समाज में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है, जहां बेटे के साथ-साथ बेटियों के जन्म पर भी लोहड़ी मनाई जाने लगी है। इससे बेटियों के प्रति सोच में परिवर्तन आ रहा है और यही लोहड़ी के वास्तविक संदेश को सार्थक बनाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2015 को पानीपत से शुरू किए गए “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। आज हरियाणा में लिंगानुपात सुधरकर 871 से बढ़कर 923 हो गया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और देश व समाज की सच्ची ताकत बन चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार ने ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू की है। इस योजना के तहत 2100 रुपये की सहायता दी जा रही है और अब तक दो किस्तों में 7 लाख से अधिक बहन-बेटियों को 260 करोड़ रुपये का लाभ दिया जा चुका है। गरीब महिलाओं को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे प्रदेश के लगभग 14 लाख 70 हजार परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में खोले गए 81 कॉलेजों में से 31 कॉलेज केवल लड़कियों के हैं और पोस्ट ग्रेजुएशन तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि 5 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 2 लाख 34 हजार महिलाएं शामिल हो चुकी हैं। ‘ड्रोन दीदी योजना’ के तहत 100 महिलाओं को मुफ्त ड्रोन और प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रदेशभर में 203 महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा चुके हैं, जहां महिलाएं भजन, गीत, नृत्य और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगी।
कार्यक्रम में उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





