मोदी ने सेमीकॉन इंडिया का किया उद्घाटन, कहा- 6 साल में 60 लाख नौकरियां मिलेंगी

अमर सैनी

नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बुधवार को सेमीकॉन इंडिया-2024 का उद्घाटन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया कि इस दशक के अंत तक भारत के इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर को 500 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य है। इससे 60 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

एक्सपो सेंटर के सभागार में देश-विदेश से सेमीकंडक्टर उद्योग क्षेत्र की बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें याद रखना होगा कि अभी हाल ही में एक रिपोर्ट आई है जिसमें कहा गया है कि भारत 5जी हैंडसेट का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। 5जी रोल आउट को शुरू हुए अभी दो साल ही हुए हैं। आज भारत का इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर 1.50 अरब डॉलर से ज्यादा का हो गया है। इस दशक के अंत तक हम इस सेक्टर को 500 अरब डॉलर तक ले जाना चाहते हैं। इससे भारत में 60 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसका फायदा भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग को भी मिलेगा। हम चाहते हैं कि 100% इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग भारत में हो। यानी भारत सेमीकंडक्टर चिप्स के साथ-साथ अपने तैयार उत्पाद भी बनाएगा।

भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम वैश्विक चुनौतियों का समाधान
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम न केवल भारत की बल्कि वैश्विक चुनौतियों का भी समाधान देता है। डिजाइनिंग से जुड़ा एक रूपक है सिंगल पॉइंट ऑफ फेलियर। इसमें डिजाइन के छात्रों को बताया जाता है कि इस कमी से बचना चाहिए। इसका उद्देश्य यह है कि सिस्टम किसी एक कंपोनेंट पर निर्भर न रहे। उन्होंने आगे कहा कि यह हमारे जीवन की सप्लाई चेन पर लागू होता है। कोविड हो या युद्ध, अतीत में ऐसा कोई उद्योग नहीं है जिसे सप्लाई चेन में व्यवधान के कारण नुकसान न उठाना पड़ा हो। भारत अलग-अलग क्षेत्रों में लचीलापन पैदा करने के मिशन का अहम हिस्सा है। मोबाइल उत्पादन हो या इलेक्ट्रॉनिक सेमीकंडक्टर, लक्ष्य साफ है कि हम ऐसी दुनिया बनाना चाहते हैं जो संकट के समय में भी रुके नहीं और लगातार आगे बढ़ती रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img