Jewar Airport: वेतन भुगतान को लेकर जेवर एयरपोर्ट पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, बकाया नहीं मिलने पर काम बंद करने की चेतावनी

Jewar Airport: वेतन भुगतान को लेकर जेवर एयरपोर्ट पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, बकाया नहीं मिलने पर काम बंद करने की चेतावनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) पर गुरुवार को हाउसकीपिंग और पैंट्री से जुड़े कर्मचारियों ने बकाया वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जून माह का वेतन अभी तक नहीं मिला है, जिसके चलते उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक सफाई कार्य पूरी तरह ठप रखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे दर्जनों कर्मचारी एयरपोर्ट परिसर में एकत्र हुए और वेतन भुगतान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने बताया कि वे संजय टैक्सी कैंटीन के माध्यम से हाउसकीपिंग और पैंट्री सेवाओं में कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि जून महीने का वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है, जबकि कुछ कर्मचारियों को बिना पूर्व सूचना के काम से भी हटा दिया गया।

कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें घर का खर्च चलाने, मकान का किराया देने, बच्चों की स्कूल फीस जमा करने और दैनिक जरूरतें पूरी करने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले में ठेकेदार का कहना है कि मई और जून माह के बिलों का भुगतान संबंधित विभाग अथवा एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से अभी तक नहीं किया गया है। भुगतान लंबित होने के कारण कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं हो सका। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही बकाया राशि प्राप्त होगी, कर्मचारियों का भुगतान कर दिया जाएगा।

हालांकि प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने इस दलील को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक पूरा बकाया वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे और किसी नए कर्मचारी को भी सफाई कार्य नहीं करने देंगे।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने और जल्द से जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। फिलहाल इस पूरे मामले में एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img