Greater Noida West Power Cut: कैपिटल एथेना की खराबी से सुपरटेक इकोविलेज-वन में तीन घंटे बिजली गुल, NPCL ने भेजा नोटिस
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक सोसाइटी की आंतरिक विद्युत व्यवस्था में खराबी का असर दूसरी सोसाइटी के निवासियों पर पड़ा। सोमवार को सेक्टर-1 स्थित कैपिटल एथेना सोसाइटी में तकनीकी खराबी आने के कारण सुपरटेक इकोविलेज-वन की बिजली आपूर्ति करीब तीन घंटे तक बाधित रही। दोनों सोसाइटियों को एक ही फीडर से बिजली मिलने के कारण कैपिटल एथेना में आई समस्या का प्रभाव इकोविलेज-वन तक पहुंच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने कैपिटल एथेना प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलने के बाद एनपीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और कैपिटल एथेना की आंतरिक विद्युत व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान विद्युत नियंत्रण कक्ष और मीटरिंग रूम में कई खामियां मिलने की बात सामने आई।
एनपीसीएल अधिकारियों के मुताबिक मीटरिंग रूम यानी मापन कक्ष में कई स्थानों पर पानी भरा मिला। इसके अलावा दीवारों से भी पानी टपक रहा था। इससे कमरे में लगातार नमी बनी हुई थी और इसका सीधा असर बिजली से जुड़े उपकरणों पर पड़ रहा था।
जांच में सामने आया कि नमी के कारण विद्युत उपकरणों में डिस्चार्ज की समस्या पैदा हो रही है। इसके चलते उपकरण बार-बार खराब हो रहे हैं और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बना रहता है। निरीक्षण के दौरान नमी रोकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई।
एनपीसीएल की टीम ने विद्युत पैनल के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाए। अधिकारियों के मुताबिक पैनल का उचित तरीके से रखरखाव नहीं किया जा रहा था। पानी और नमी जैसी समस्याओं को समय रहते दूर नहीं किए जाने के कारण विद्युत उपकरण प्रभावित हो रहे हैं।
एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि पिछले एक महीने में दूसरी बार नमी के कारण उपकरण खराब हुए हैं और उन्हें बदलना पड़ा है। लगातार सामने आ रही इस समस्या के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
इससे पहले भी कैपिटल एथेना प्रबंधन को खामियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। एनपीसीएल के अनुसार 9 जुलाई को प्रबंधन को नोटिस देकर सात दिनों के भीतर विद्युत व्यवस्था से जुड़ी कमियों को ठीक करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद प्रबंधन की ओर से समस्याओं को दूर करने के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।
सोमवार को दोबारा तकनीकी खराबी सामने आने और सुपरटेक इकोविलेज-वन की बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के बाद एनपीसीएल ने फिर से नोटिस जारी किया है। इस बार भी सोसाइटी प्रबंधन को सात दिनों के भीतर सभी खामियां दूर करने के लिए कहा गया है।
एनपीसीएल ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में विद्युत व्यवस्था की कमियां दूर नहीं की गईं तो कैपिटल एथेना का बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में सोसाइटी प्रबंधन को मीटरिंग रूम में पानी और नमी की समस्या के साथ विद्युत पैनल के रखरखाव से जुड़ी खामियों को दूर करना होगा।
कैपिटल एथेना में बिजली आपूर्ति के लिए सिंगल प्वाइंट कनेक्शन की व्यवस्था है और सोसाइटी में करीब 400 परिवार रहते हैं। दोनों सोसाइटियों की बिजली आपूर्ति एक ही फीडर से जुड़ी होने के कारण कैपिटल एथेना की आंतरिक खराबी से सुपरटेक इकोविलेज-वन के निवासियों को भी करीब तीन घंटे बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।


