राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida West: फ्लैट में बुजुर्ग महिला को बेहोश कर सोने की चेन लेकर फरार हुई महिला, ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटी में सनसनी

Greater Noida West: फ्लैट में बुजुर्ग महिला को बेहोश कर सोने की चेन लेकर फरार हुई महिला, ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटी में सनसनी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक अज्ञात महिला ने बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उनके गले से सोने की चेन लेकर फरार हो गई। घटना बिसरख कोतवाली क्षेत्र के आम्रपाली गोल्फ होम्स किंग्सवुड सोसाइटी की है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार मिश्रा अपने परिवार के साथ इस सोसाइटी में रहते हैं। घटना के दिन वह और उनकी पत्नी दोनों घर से बाहर थे, जबकि घर में उनकी बुजुर्ग मां शांति मिश्रा और छह माह की बच्ची मौजूद थीं। दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला फ्लैट पर पहुंची और खुद को घरेलू काम के लिए भेजा गया बताकर अंदर घुस गई। उसने बुजुर्ग महिला को विश्वास में लेकर दरवाजा खुलवाया।

अंदर पहुंचते ही आरोपी महिला ने बुजुर्ग को कथित तौर पर नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन उतार ली और घर में चोरी करने का भी प्रयास किया। वारदात के बाद महिला मौके से फरार हो गई। करीब एक घंटे बाद जब बच्ची रोने लगी, तब बुजुर्ग महिला को होश आया और उन्होंने फोन कर अपने बेटे को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, हालांकि बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ऐसे रास्ते से गई जहां कैमरे नहीं लगे थे। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। निवासियों ने गेट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध भी जताया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button