Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में पति की हत्या का आरोप, दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में पति की हत्या का आरोप, दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा वन इलाके में एक महिला ने अपने पति की हत्या का आरोप उसकी दूसरी पत्नी पर लगाया है। इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सेक्टर अल्फा वन में अपने परिवार के साथ रहती है, जबकि उसका पति तुगलपुर गांव में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। महिला का आरोप है कि उसके पति की दूसरी शादी करने वाली महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और फिर चुपचाप उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद बीटा-दो कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। जांच में सामने आया कि कथित रूप से शव का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के ही कर दिया गया है। हालांकि अब तक इस पूरे मामले में कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में आता है, इसलिए शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराने के लिए कहा गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी थाने में हत्या की औपचारिक सूचना दर्ज नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, यदि इस मामले में लिखित शिकायत मिलती है तो सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए तथ्यों की जांच में जुटी है।