Greater Noida Tragedy: MRI जांच के दौरान 6 वर्षीय बच्चे की मौत, लापरवाही के आरोप में जांच शुरू

Greater Noida Tragedy: MRI जांच के दौरान 6 वर्षीय बच्चे की मौत, लापरवाही के आरोप में जांच शुरू

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक निजी हेल्थ सेंटर में एमआरआई जांच के दौरान छह वर्षीय बच्चे की मौत से हड़कंप मच गया। घटना बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर पी-3 स्थित के.बी. हेल्थकेयर सेंटर में हुई। परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही तथा कथित तौर पर “हेवी डोज” देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

मृतक बच्चे की पहचान गर्व कसाना उर्फ चीकू (6 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दनकौर थाना क्षेत्र के रीलखा गांव का निवासी था। उसके पिता प्रशांत कसाना बेटे की एमआरआई जांच कराने के लिए हेल्थ सेंटर पहुंचे थे।

परिजनों के अनुसार, एमआरआई से पहले बच्चे को इंजेक्शन दिया गया। उनका आरोप है कि जांच के दौरान बच्चे को ज्यादा मात्रा में दवा दी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। परिवार का कहना है कि जब उन्होंने स्टाफ से बच्चे की हालत के बारे में पूछा तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

स्थिति गंभीर होने पर बच्चे को तुरंत पास के प्रमहेक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हेल्थ सेंटर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सेंटर पर ताला लगाकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल, पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img