Greater Noida farmers compensation: ग्रेटर नोएडा में किसानों के लिए बड़ा फैसला, 6000 रुपये प्रति वर्ग मीटर मुआवजे का प्रस्ताव तैयार

Greater Noida farmers compensation: ग्रेटर नोएडा में किसानों के लिए बड़ा फैसला, 6000 रुपये प्रति वर्ग मीटर मुआवजे का प्रस्ताव तैयार
नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में किसानों को दी जाने वाली मुआवजा दर बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण की ओर से किसानों को उनकी अधिग्रहित जमीन के लिए 6000 रुपये प्रति वर्ग मीटर मुआवजा देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
यह प्रस्ताव 13 और 14 अप्रैल को होने वाली ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इसके साथ ही किसानों को 6 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड देने का भी प्रावधान प्रस्तावित किया गया है, जो पहले लागू नहीं था। अभी तक किसानों को 4125 रुपये प्रति वर्ग मीटर मुआवजा दिया जाता था।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से मुआवजा दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि किसान लगातार इसकी मांग कर रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए यह नया प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जो किसान 6 प्रतिशत विकसित भूखंड नहीं लेंगे, उन्हें 7000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार, किसानों को दी जाने वाली आबादी भूखंड योजना के तहत जमीन के साथ सभी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाती हैं।
वहीं किसान संगठनों का कहना है कि वर्तमान बाजार दरों को देखते हुए मुआवजा काफी कम है। उनकी मांग है कि नए भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत मुआवजा दिया जाए, जिसमें 20 प्रतिशत आबादी भूखंड और सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देने का प्रावधान है। इससे पहले किसान 10,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर मुआवजे की मांग भी कर चुके हैं।
अब सभी की निगाहें आगामी बोर्ड बैठक पर टिकी हैं, जिसमें इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।





