Ghaziabad : इंदिरापुरम में बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव, सातवें वर्ष में प्रवेश

Ghaziabad : इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी की ओर से सत्यम हेरिटेज फार्म, कानवानी गांव के पास भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पूजा का शुभारंभ 15 अक्टूबर से हुआ है और 21 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। महासप्तमी के अवसर पर सोसाइटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी गई हैं।

सोसाइटी के कार्यकारिणी सदस्य देबाशीष सेनगुप्ता ने बताया कि इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी वर्ष 2020 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है और इस वर्ष यह सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सोसाइटी का उद्देश्य केवल दुर्गा पूजा आयोजित करना नहीं है, बल्कि बंगाली संस्कृति, कला, संगीत और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी है, ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध विरासत को समझे और आगे बढ़ाए।

पांच से छह दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में हर दिन की शुरुआत मां दुर्गा की पूजा और पारंपरिक अनुष्ठानों से होती है। इसके बाद बच्चों और परिवारों के लिए क्विज प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर, ड्राइंग प्रतियोगिता, टंग ट्विस्टर और फैंसी ड्रेस जैसे मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शाम के समय सभी सदस्यों के लिए भोग प्रसाद की व्यवस्था की जाती है, जो पूजा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस आयोजन की सबसे खास बात यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम हैं, जहां सोसाइटी के सदस्य और उनके परिवार के लोग अपनी कला, संगीत, नृत्य और अभिनय की प्रतिभा प्रस्तुत करते हैं। इसके साथ ही हर साल बाहरी कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाता है जिससे कार्यक्रम में विविधता आती है। सोसाइटी का कहना है कि यह पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामुदायिक एकता और पारिवारिक जुड़ाव का उत्सव है, जहां सभी लोग एक साथ मिलकर उल्लास के साथ त्योहार मनाते हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img