Noida Accident: बरौला गांव में स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन साल के अनिकेत की मौत, चालक हिरासत में
नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन वर्षीय मासूम अनिकेत की मौत हो गई। बच्चा अपनी मां और दादी के साथ हनुमान मंदिर के पास गया था, तभी नोएडा नंबर की एक सफेद स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद चालक ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, अनिकेत के पिता अमित कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित झुग्गी में रहते हैं। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार सुबह करीब आठ बजे अनिकेत अपनी मां और दादी के साथ बरौला गांव में हनुमान मंदिर के पास गया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग तुरंत बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
मासूम की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चालक की पहचान सोरखा निवासी शौर्य के रूप में हुई है। पुलिस घटना के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एडीसीपी अभय मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


