Gautam Buddh Nagar: गौतमबुद्धनगर में असमय वर्षा और ओलावृष्टि से फसलें तबाह, किसानों पर टूटा संकट, जेवर विधायक ने सीएम से मांगा मुआवजा

Gautam Buddh Nagar: गौतमबुद्धनगर में असमय वर्षा और ओलावृष्टि से फसलें तबाह, किसानों पर टूटा संकट, जेवर विधायक ने सीएम से मांगा मुआवजा
गौतमबुद्धनगर और एनसीआर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही असमय वर्षा और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। तेज बारिश और ओलों के कारण गेहूं, सरसों समेत रबी सीजन की कई प्रमुख फसलें बड़े पैमाने पर नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है। खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता का माहौल है और किसान सरकार से तत्काल राहत की मांग कर रहे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को तुरंत मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा किसानों के लिए भारी नुकसान लेकर आई है, जिसमें उनकी सालभर की मेहनत पूरी तरह खत्म हो गई है। कई परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है और उन्हें तत्काल सरकारी सहायता की आवश्यकता है।
विधायक ने अपने पत्र में यह भी आग्रह किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत सर्वे कराया जाए ताकि फसल नुकसान का सही आकलन हो सके और पात्र किसानों को समय पर मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने राहत प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेजी से लागू करने पर जोर दिया है, ताकि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष राहत पैकेज घोषित करने की भी अपील की है, जिससे किसानों को इस आपदा से उबरने में मदद मिल सके। विधायक ने जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर को भी पत्र की प्रति भेजते हुए मौके पर पहुंचकर सर्वे शुरू कराने और प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश देने की मांग की है।