
Faridabad Crime: फरीदाबाद में हवाबाजी फायरिंग और वाहन चोरी गैंग पर बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: संदीप चौहान
फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पर्वतीय कॉलोनी में हवाबाजी के दौरान हवाई फायरिंग करने वाले और वाहन चोरी में लिप्त एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। 30 नवंबर को हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद क्राइम ब्रांच AVTS-2 ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पर्वतीय कॉलोनी निवासी आशिफ, अजय, करण और विशाल के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि 30 नवंबर को पर्वतीय कॉलोनी इलाके में आरोपियों ने दहशत फैलाने के इरादे से खुलेआम हवाई फायरिंग की थी। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच AVTS-2 की टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा रौंद बरामद किया गया है, जिससे यह साफ हो गया कि वे गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात भी कबूल की। पुलिस ने इनके निशानदेही पर फरीदाबाद के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई 7 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार इन बरामदगियों के साथ फरीदाबाद में वाहन चोरी के कुल 9 मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी बेहद गंभीर पाया गया है। मुख्य आरोपी आशिफ के खिलाफ करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अजय पर 20 मुकदमे दर्ज हैं। करण पर पहले से 2 और विशाल पर एक आपराधिक मामला दर्ज होने की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और इलाके में दहशत का माहौल बनाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थे।
फरीदाबाद पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई शहर में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ
