दिल्ली की वित्तमंत्री आतिशी का आरोप, बजट में केंद्र सरकार ने दिल्ली के साथ किया धोखा
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली की वित्तमंत्री आतिशी ने केंद्र सरकार द्वारा पेश बजट को लेकर कहा कि एक बार फिर दिल्ली वालों को धोखा मिला है. सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस कर फौरी प्रतिक्रिया देते हुए आतिशी ने कहा कि दिल्ली को सेंट्रल शेयरिंग टैक्स में एक रुपया भी नहीं मिला है. एक बात बिल्कुल स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार सिर्फ अपनी सरकार व अपनी सत्ता को बचाने के लिए बजट पेश करती है. देश के लोगों के लिए बजट पेश नहीं करती है.
उन्होंने कहा आज देश में सबसे बड़ी समस्या है बेरोजगारी, इस बजट में युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया. उनको एक खोखला वादा किया गया- इंटर्नशिप देंगे. पांच हज़ार की तनख्वाह देंगे, क्या निर्मला सीतारमण जी का यह इंटर्नशिप मॉडल भारतीय जनता पार्टी की देश की सेवा में लाए गए अग्निवीर मॉडल की तरह है. जहां पर पैसे भी नहीं मिलते हैं और आगे कोई बेनिफिट्स भी नहीं. दिल्ली सरकार ने केंद्रीय करों में से अपने लिए और दिल्ली नगर निगम के लिए 10 हज़ार करोड़ रुपये की मांग की थी. आतिशी ने कहा कि इस बजट में हमें एक रुपया भी नहीं मिला है. ऐसा नहीं है कि दिल्ली के लोग केंद्र सरकार के राजस्व में योगदान नहीं देते हैं, बल्कि इसका उल्टा है. दिल्ली देश के इकोनामिक ग्रोथ का एक इंपॉर्टेंट इंजन है. दिल्ली हर साल 2 लाख करोड़ से ज्यादा इनकम टैक्स के रूप में सेंट्रल गवर्नमेंट को देता है.


