Delhi Murder: उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में युवक की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल विवाद में गई जान

Delhi Murder: उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में युवक की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल विवाद में गई जान
रिपोर्ट: रवि डालमिया
उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वेलकम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा के अनुसार गुरुवार रात वेलकम इलाके से झगड़े की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। चश्मदीदों के अनुसार दोनों पक्ष नशे की हालत में थे और मोबाइल फोन छीनने को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने सूरज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजकर 9 मिनट पर वेलकम थाना क्षेत्र के अंतर्गत वेलकम मेडिकल स्टोर के पास Z-ब्लॉक में हुई। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अहम सबूत जुटाए। वेलकम थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार किए, लेकिन सूरज को गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई





