Delhi BJP: केजरीवाल के बंगले की इन्वेंट्री लिस्ट पर दिल्ली बीजेपी का हमला, ‘शीश महल’ के समानों की सूची PWD ने जारी की

Delhi BJP: केजरीवाल के बंगले की इन्वेंट्री लिस्ट पर दिल्ली बीजेपी का हमला, ‘शीश महल’ के समानों की सूची PWD ने जारी की

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चर्चा में आई बंगले की इन्वेंट्री लिस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इस सूची को देखकर साफ समझ आता है कि क्यों अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मार्लेना इस बंगले को आम जनता की नजरों से दूर रखना चाहते हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “निस्संदेह, दिल्ली के मुख्यमंत्री का आवास सुंदर और सुविधाओं से युक्त होना चाहिए। लेकिन जब ये सुविधाएं विलासिता की हद तक पहुंच जाएं, तो यह निंदनीय है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली और देश के कई हिस्सों में आज भी एक करोड़ रुपये का घर खरीदना एक आम आदमी के लिए सपने जैसा है, लेकिन केजरीवाल के बंगले की इन्वेंट्री लिस्ट से पता चलता है कि सिर्फ बाथरूम की टॉयलेट सीट ही एक करोड़ रुपये की थी, जो अब गायब है। इसके अलावा, पूरे बंगले में 15 करोड़ से अधिक की सैनेटरी फिटिंग और 5 करोड़ से ज्यादा की डेकोरेशन सामग्री लगाई गई है।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह बंगला पूरी तरह से वातानुकूलित है और इन्वेंट्री लिस्ट के अनुसार इसमें लगभग 5 करोड़ 60 लाख रुपये के परदे और लाखों रुपये के सोफे लगे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली का एक आम आदमी जिसकी ऐसी विलासिता की कल्पना भी नहीं कर सकता, वह कैसे समझेगा कि केजरीवाल के बंगले में लाखों रुपये के स्टीम ओवन, माइक्रोओवन, कॉफी मशीन, और वाशिंग मशीन क्यों लगे हुए हैं।

वीरेंद्र सचदेवा के अनुसार, ये सभी विलासिता के सामान इस बात की ओर इशारा करते हैं कि अरविंद केजरीवाल आम आदमी की छवि पेश करने के बावजूद असल में बेहद आलीशान जीवन जी रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल सरकार को इन सभी तथ्यों पर जवाब देना चाहिए और जनता के सामने पारदर्शिता लानी चाहिए, क्योंकि यह किसी भी जनप्रतिनिधि से अपेक्षित है कि वह जनता के धन का सदुपयोग करे, न कि उसे निजी विलासिता के लिए खर्च करे। दिल्ली बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर केजरीवाल सरकार पर तीखे हमले किए हैं और इसे आम आदमी पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों से विरोधाभासी बताया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img