ATS Dolce Society Burglary: एटीएस डोल्से में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर एक करोड़ के गहने चोरी, बदमाशों ने पहले पी शराब और मचाया उत्पात
ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए शातिर चोरों ने जीटा-1 स्थित प्रतिष्ठित ‘एटीएस डोल्से’ सोसायटी में एक बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने टावर नंबर पांच के एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर में रखे करीब एक करोड़ रुपये की कीमत के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरत की बात यह रही कि बदमाशों ने फ्लैट के भीतर इत्मीनान से बैठकर शराब पी, बाथरूम का इस्तेमाल कर गंदगी फैलाई और पूरे घर में जमकर तोड़फोड़ की। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अपर्णा झा एक प्रतिष्ठित स्कूल में शिक्षिका हैं और अपने सेवानिवृत्त पिता (हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड से रिटायर्ड) व मां के साथ फ्लैट नंबर 5042 में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पूरा परिवार 17 अक्टूबर की रात फ्लैट पर ताला लगाकर अपने पैतृक गांव बिहार गया हुआ था। 21 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जब अपर्णा वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि बेडरूम की अलमारियों के लॉकर टूटे पड़े थे और मां के सोने के हार, कंगन, चूड़ियां, हीरे की अंगूठियां और नगदी गायब थी। बदमाशों ने आराम से बैठकर सोफे पर शराब पी और गिलास वहीं छोड़ दिए, साथ ही दोनों बाथरूम में गंदगी फैलाकर फ्लश तक नहीं चलाया।
इस घटना के बाद एटीएस डोल्से के सैकड़ों निवासियों ने सोसायटी के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्डों और मेंटेनेंस एजेंसी की आपराधिक लापरवाही के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि नवरात्र के दौरान सोसायटी में डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बिना वैध सुरक्षा पास के सैकड़ों बाहरी लोगों को प्रवेश दिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान बदमाशों ने टावर और फ्लैट की रेकी की होगी। सूचना मिलने पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने फ्लैट से उंगलियों के निशान और शराब के गिलासों से डीएनए सैंपल जुटाए हैं। पुलिस सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घरेलू सहायिकाओं और सुरक्षा गार्डों से गहन पूछताछ कर रही है।
