Noida Crime: नोएडा के बसई गांव में कार पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल

Noida Crime: नोएडा के बसई गांव में कार पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल

नोएडा में सेक्टर-70 स्थित बसई गांव में रविवार देर रात कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर चार-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। बसई गांव निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि उनका भांजा नितिन शादी समारोह से लौट रहा था। वह घर के पास गली में सड़क किनारे कार खड़ी करने लगा। इसी दौरान पड़ोस में शटरिंग का काम करने वाले आदिल, अलताफ, सद्दाम और गुलफाम, जो मोरना गांव के रहने वाले हैं, ने उसे कार पार्क न करने की बात कही।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
नितिन ने कहा कि वह थोड़ी देर बाद कार हटा देगा, लेकिन इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपियों ने नितिन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अमित, कुलदीप और रोहित ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी पीट दिया गया। चारों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप
वहीं, मोरना निवासी हमीद खान ने बताया कि नितिन अपनी कार दुकान के सामने खड़ी कर चला गया था। जब उससे कार थोड़ी आगे लगाने के लिए कहा गया तो उसने गाली-गलौज की और झगड़ा शुरू कर दिया। थोड़ी देर में नितिन के साथी कुलदीप, अमित और रोहित कश्यप भी मौके पर पहुंच गए। इन सभी ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें अलताफ, सद्दाम, गुलफाम और आदिल घायल हुए।

पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मुकदमा
फेज-तीन थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से चार-चार लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की वीडियो फुटेज भी खंगाली जा रही है।घटना के बाद बसई गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल दोनों पक्षों के घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं और पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img