उत्तर प्रदेश, नोएडा: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर बुजुर्ग से एक करोड़ ठगे

अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर बुजुर्ग से एक करोड़ रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाने में इस मामले में चार कथित आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं। सेक्टर-77 निवासी 61 वर्षीय बुजुर्ग सीतल कुमार रहते हैं। वह नामी कंपनी से कार्यकारी निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी कि बीते साल अप्रैल में सोशल मीडिया पर उन्हें एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि अमेरिका की सहायक कंपनी है, जिसका दफ्तर मुंबई में है। इसके बाद संजय शर्मा नाम के प्रोफेसर के बारे में जानकारी दी गई। ठगों ने सीतल के पास शेयर ट्रेडिंग से संबंधित एक लिंक भेजा। लिंक के माध्यम से उनको निवेश संबंधी ऑनलाइन कक्षाएं भी कराई गईं। कक्षा में प्रोफेसर के बारे में बताया कि वह आईपीओ के साथ शेयर ट्रेडिंग के बारे में जानकारी देकर हजारों लोगों की जिंदगी बदल चुके हैं। इनमें से कुछ निवेशक करोड़पति तक बन गए हैं। सीतल कुमार को भी निवेश करने के लिए कहा गया। उन्होंने भी ठगों की बातों में आकर निवेश करना शुरू कर दिया। प्रारंभिक चरण में उन्हें कुछ मुनाफा हुआ। इससे उन्हें यकीन हो गया। कुछ दिन बाद उनको निवेश पर ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए एक हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल अकाउंट खुलवाने के लिए कहा गया। उन्होंने ऐसा ही किया। कई बार में आरोपियों ने अलग-अलग आईपीओ में उनसे रुपये लगवाए। इस दौरान शिकायतकर्ता ने नौ अकाउंट में कई बार में एक करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें आईपीओ बेचने के लिए कहा गया। उन्होंने जब उसे बेचा तो वह रुपये निकालने के लिए उत्सुक हो गए। रुपये निकालने के एवज में उनसे करों का हवाला देकर अतिरिक्त रकम की मांग की गई। इसके बाद सीतल को खुद के साथ ठगी होने का अंदेशा हुआ। जब उन्होंने रकम वापस करने का दबाव बनाया तो ठगों ने उससे संपर्क तोड़ लिया। ठगों ने जिस कंपनी का नाम बताया था, सीतल उसके ऑफिस पहुंचे। जहां उन्हें बताया गया कि उनका इस प्रकार के लेनदेन से कोई वास्ता नहीं है। कंपनी इस प्रकार से काम नहीं करती है। जिन नामों से उनके साथ ठगी की गई, वह भी कंपनी में काम ही नहीं करते।

किराये के खातों में रकम ट्रांसफर होने की आशंका

पीड़ित ने इस मामले में नवंबर 2024 में साइबर पोर्टल में शिकायत दी। ठगी के करीब एक साल बादअब रिपोर्ट दर्ज हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिन लोगों ने उससे संपर्क किया, उन्होंने अपना नाम एलिसा, प्रियंका सिंह, प्रोफेसर संजय शर्मा और अदा बताया। पूरी संभावना है कि ठगी करने वाले लोगों ने शिकायतकर्ता को अपना नाम और पता गलत बताया होगा। किराये के खातों में रकम ट्रांसफर होने की आंशका जताई जा रही है। मुनाफे के चक्कर में बुजुर्ग ने अपनी पूरी जमा पूंजी गंवा दी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img