Noida Weather: नोएडा में हीट वेव अलर्ट जारी, स्वास्थ्य विभाग ने उठाए एहतियाती कदम
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा में भीषण गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि जिले के सभी ब्लॉक और जिला अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाए गए हैं। साथ ही विभाग की ओर से आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा संसाधनों का भी इंतजाम किया गया है।
डॉ. कुमार ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को गीले कपड़े या छाते से ढककर ही निकलें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मौसम में खास एहतियात बरतने की सलाह दी गई है, जिसमें हल्के रंग के और ढीले कपड़े पहनने, अधिक मात्रा में पानी पीने और खासतौर पर बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हीट स्ट्रोक एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है और इससे बचाव ही इसका सबसे प्रभावी उपाय है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि धूप में सीधे संपर्क से बचें और जहां तक हो सके, ठंडे स्थानों पर रहें। गर्मी का असर जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी से हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
>>>>>>>>
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


