ग्रेटर नोएडा, नोएडा: ग्रेनो वेस्ट में चार मूर्ति से लेकर एक मूर्ति चौक तक भीषण जाम

अमर सैनी

ग्रेटर नोएडा, नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित मूर्ति चौराहा ट्रैफिक जाम का मुख्य केंद्र बनता जा रहा है। वीकेंड पर यहां भीषण जाम लगना आम बात हो गई है। वीकेंड पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में भी स्थिति बेहतर नहीं रहती। चौराहे पर घंटों वाहन फंसे रहते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शनिवार को ग्रेनो वेस्ट में चार मूर्ति से लेकर एक मूर्ति चौक तक भीषण जाम लग गया। मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे नजर आए।
गौर करने वाली बात यह है कि एक मूर्ति चौक पर ट्रैफिक को कम करने के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है। सड़कों की कम चौड़ाई के साथ-साथ उचित ट्रैफिक लाइट और सिग्नलिंग सिस्टम का न होना जाम की समस्या को और भी गंभीर बना देता है। नोएडा एक्सटेंशन के निवासियों ने प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त सड़क, फ्लाईओवर या अंडरपास का निर्माण जैसे स्थायी उपाय किए जाने चाहिए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भी इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए। ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और क्षेत्र में यातायात सुचारू हो सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img