अमर सैनी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वेलिडेशन फ्लाइट के सफल होने के बाद एयरोड्रम लाइसेंस के साथ ही वैमानिकी सूचना प्रकाशन (एआईपी) को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। टर्मिनल का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। वहीं, यात्रियों को विमान तक पहुंचाने के लिए दस एयरोब्रिज भी एयरपोर्ट साइट पर पहुंच चुके हैं। जनवरी अंत तक टर्मिनल बिल्डिंग में एयरोब्रिज भी स्थापित कर दिए जाएंगे। एक अधिकारी ने बताया कि अब अप्रैल में कामर्शियल विमान सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो चुका है। अब एयरोड्रम लाइसेंस आवेदन के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के प्रमाणीकरण का इंतजार है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) वेलिडेशन फ्लाइट की रिपोर्ट मिलने के बाद एयरोड्रोम लाइसेंस के लिए आवेदन करेगा, जिसे 90 दिनों में डीजीसीए से अनुमति मिलने का नियम हैं। ऐसे में मार्च तक प्रमाणीकरण मिलने की संभावना है। वहीं, फ्लाइट शुरू करने के लिए एआईपी पब्लिकेशन की जरूरत होती हैं, जो अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ (आईटा) की वेबसाइट पर किया जाता हैं, जिसमें दुनिया के सभी देशों को नए एयरपोर्ट शुरू होने की जानकारी दी जाती है। यह प्रक्रिया छह फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी, इसके बाद ही टिकट बुकिंग सेवा शुरू होगी। टिकट बुकिंग सेवा इंटरनेशनल उड़ान शुरू होने से 90 दिन और घरेलू छह हफ्ते पहले शुरू हो जाएगी। कुल मिलाकर सभी प्रकार के लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित औपचारिकताएं अप्रैल के दूसरे सप्ताह में पूरी हो जाएगी।
यात्री एयरोब्रिज के जरिए विमान तक पहुंचेंगे
एयरोब्रिज एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग से सीधे विमान के दरवाजे तक यात्रियों को ले जाने वाला ढंका हुआ पुल होता है। यह एक सुरंग जैसा रास्ता होता है, जिससे यात्री आसानी से विमान तक पहुंचते हैं। वहीं, विमान से उतरते समय टर्मिनल में आने के लिए भी एयरोब्रिज का प्रयोग किया जाता है। फिलहाल टर्मिनल के एंट्रेस (प्रवेश) का कार्य चल रहा है। यहां पर टाइल लगाने की काम तेजी से किया जा रहा हैं, जबकि शीशे लगने का कार्य लगभग पूरा हो गया है।
पहले दिन से अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शुरू होगी
एयरपोर्ट से पहले दिन से ही घरेलू, अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ान शुरू हो जाएगी। फिलहाल 30 विमान शुरू होने की जानकारी सामने आई हैं, जिनमें 25 घरेलू, तीन अंतरराष्ट्रीय और दो कार्गो फ्लाइट शामिल है। इसे लेकर आगामी दिनों में हाई पॉवर कमेटी की बैठक होगी, जिसके बाद फ्लाइट संचालन को लेकर पूरी तरह से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। फ्लाइट के लिए कई एयरलाइंस के साथ समझौता हुआ है।
जिस प्रकार से तय तिथिवार एयरपोर्ट पर निर्माण और वेलिडेशन फ्लाइट प्रक्रिया पूरी हुई हैं, अब निश्चित रूप से अप्रैल में तय समय पर विमान सेवा शुरू हो जाएगी। सभी प्रक्रिया समयानुसार आगे बढ़ रही है।
– डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ नायल
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई


