अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस, नई दिल्ली: पैरों की देखभाल में लापरवाही से डायबिटीज पीड़ित हो सकते हैं विकलांग

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस, नई दिल्ली, 3 दिसम्बर : अगर आपको डायबिटीज है और आप पैर सुन्न होने व कॉर्न बम्प्स ( त्वचा का कठोर घाव) की समस्या से पीड़ित हैं तो आपको सावधानी बरतने की जरुरत है। अन्यथा यह समस्या अंग -भंग या विकलांगता का सबब बन सकती है।

यह जानकारी अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर आरएमएल अस्पताल में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मंगलवार को दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन एमडी डॉ अजय शुक्ला ने किया। इस अवसर पर कृत्रिम अंगों की एक प्रदर्शनी लगाई गई और जरूरतमंद मरीजों को व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी का निशुल्क वितरण किया गया। साथ ही डायबिटीज पीड़ित मरीजों के पैरों की मशीनों से जांच की गई। इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए मधुमेह पैर देखभाल रोगी पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भौतिक चिकित्सा एवं पुनर्वास विभाग की अध्यक्ष डॉ शिप्रा चौधरी ने कहा कि डायबिटीज से पीड़ित लोगों के पैरों में अक्सर अल्सर या घाव होने की आशंका होती है। ये घाव या कॉर्न बम्प्स आमतौर पर पैर के निचले हिस्से में होते हैं। उन्होंने कहा, डायबिटीज के कारण पैरों में अल्सर होने के पीछे पैरों की साफ -सफाई में कमी, खराब रक्त प्रवाह और तंत्रिका की क्षति मुख्य कारण हैं। अगर इलाज न किया जाए, तो पैर के अल्सर से संक्रमण फैल सकता है और पैर काटना पड़ सकता है। वहीं, जल्दी इलाज करने से अंग विच्छेदन या पैर काटने के खतरे को कम किया जा सकता है।

कैसे करें बचाव ?
डॉ शिप्रा ने कहा, डायबिटीज से पीड़ित लोगों को पैरों की देखभाल का विशेष ध्यान रखना चाहिए। जिनमें पैरों को रोज गर्म पानी और साबुन से धोना, पैरों को सुखाने के बाद, पैर की उंगलियों के बीच टैल्कम पाउडर या कॉर्नस्टार्च लगाना और पैर के नाखूनों को सीधा काटना शामिल है। सही फिटिंग वाले, गद्देदार जूते और पॉलिएस्टर-कॉटन मिश्रण से बने मोजे (जुराब) पहनें। बिना मोजे के जूते या सैंडल न पहनें। ऊंची एड़ी के जूते या तंग जूते पहनने से बचें।

क्या होता है कॉर्न बम्प्स?
कॉर्न बम्प्स पैर पर एक त्वचा का घाव होता है जो कठोर त्वचा की गांठ जैसा दिखता है। यह पैर के तलवे, छोटे पैर के अंगूठे के बाहरी हिस्से, पैर की उंगलियों के बीच, या पैर के ऊपर या किनारे पर बनता है। कॉर्न का इलाज न किया जाए, तो यह गैर-ठीक अल्सर में बदल सकता है। अगर कॉर्न संक्रमित हो जाए, तो बैक्टीरिया आपके रक्त प्रवाह में फैल सकता है और जोड़ों में संक्रमण पैदा कर सकता है। कॉर्न हटाने के लिए, पोडियाट्रिस्ट से सलाह लें। चाकू या कैंची से खुद कॉर्न हटाने की कोशिश न करें।

Read More: ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img