योगी सरकार का बड़ा कदम, एआई सीसीटीवी से अभेद्य होगी महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था

प्रयागराज/लखनऊ, 17 अक्टूबर: योगी सरकार महाकुंभ-25 को दिव्य, भव्य और नव्य बनाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। महाकुंभ से पहले पूरे शहर को जहां भव्य रूप से सजाने का काम जोरों पर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी खास इंतजाम किये जा रहे हैं। योगी सरकार की पुलिस जहां एक तरफ चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी। वहीं, दूसरी ओर टेक्नोलॉजी के जरिये सुरक्षा व्यवस्था को और भी पुख्ता करने की तैयारी चल रही है। इसमें सबसे अहम रोल एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित सीसीटीवी कैमरे निभाएंगे। योगी सरकार पूरे शहर में 2500 से ज्यादा सीसीटीवी लगाएगी। इनमें एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे भी शामिल हैं, जिन्हे सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।

एक हजार सीसीटीवी इंस्टॉल, कुल 2750 सीसीटीवी से होगी निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में प्रयागराज में महाकुंभ के कार्यों की समीक्षा की थी। मेला अधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि सीएम ने अधिकारियों को 15 दिसंबर तक सारे काम पूरे करने के निर्देश दिये थे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिये थे ताकि महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसके बाद विकास कार्यों ने और तेज रफ्तार पकड़ ली है। वहीं सीएम योगी के निर्देश पर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य करने के लिए हाईटेक 2,750 सीसीटीवी लगाने का काम चल रहा है। वहीं कई प्रमुख स्थानों और मेला क्षेत्र में एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। अब तक एक हजार सीसीटीवी को विभिन्न स्थानों पर इंस्टॉल भी किया जा चुका है। वहीं इन सभी कैमरों को कंट्रोल रूम से सीधा जोड़ा जाएगा। यहां से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं पर सीधी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर 80 वीएमडी टीवी स्क्रीन को लगाया जाएगा। इसके जरिये विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों को डिस्पले किया जाएगा।

एआई आधारित रियल टाइम अलर्ट सीसीटीवी से लैस होगा मेला क्षेत्र और प्रमुख स्थान
महाकुंभ में करीब 25 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेला क्षेत्र, मेला को जाने वाले मार्ग और शहर के प्रमुख मार्गों पर क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम वाले एआई आधारित रियल टाइम अलर्ट सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं। इसकी मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम में अलग से व्यवस्था की जा रही है। वहीं महाकुंभ मेला हेल्पलाइन 1920 के लिए डेडिकेटेड 50 सीटर कॉल सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जहां पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह सभी पल-पल की अपडेट अधिकारियों के साथ शेयर करेंगे। वहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या फिर अगर किसी स्थान पर ज्यादा भीड़ एकत्रित होने पर संबंधित चौकी और थाने को सूचना देंगे ताकि वहां से भीड़ को कम किया जा सके। साथ ही भीड़ को एक जगह एकत्रित होने से रोकने के लिए रियल टाइम अलर्ट सीसीटीवी अहम रोल निभाएगा।

बेहतर पार्किंग प्रबंधन को अपनायी जाएगी एआई आधारित पार्किंग प्रबंधन प्रणाली
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पार्किंग पर खासा फोकस किया जा रहा है। यहां पर पांच लाख से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रहा है। इन स्थानों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जा रहा हैं। यहां पर बेहतर पार्किंग प्रबंधन के लिए एआई आधारित पार्किंग प्रबंधन प्रणाली अपनायी जाएगी। इसके जरिये हर वाहन पर नजर रखी जाएगी। जैसे वाहन किस समय आया, कितनी देर पार्किंग में रहा और कब पार्किंग से निकलकर कहां गया इत्यादि।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img