युवक को मारा चाकू, मरा हुआ समझकर आरोपी हुए फरार

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना सेक्टर 142 क्षेत्र में दो लोगों ने एक युवक को चाकू मार दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। इसके बाद आरोपी पीड़ित को मरा हुआ समझकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि उधार दिए पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस में घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस को दी शिकायत में चंदन कुमार पुत्र जगनमोहन निवासी गांव बरौला ने बताया कि 26 सितंबर की रात करीब 9 बजे उसकी पत्नी सोनम राजपूत ने बताया कि मैंने अपने परिचित शिवा को 5 हजार रुपये उधार दिए हैं। उसने शिवा का फोन नंबर दिया। उसने कहा कि शिवा से बात हो गई है। मेरी तबीयत खराब है, तुम जाकर शिवा से पैसे ले आओ। पीड़ित के मुताबिक उसकी पत्नी ने शिवा का मोबाइल नंबर दिया। जब वह सेक्टर-142 पुश्ता रोड पर पहुंचा तो वहां शिवा दिखाई दिया। उसने कहा कि मैं पर्स लाना भूल गया हूं। तुम मेरे कमरे पर आ जाओ। मैं वहीं पैसे दे दूंगा। कुछ दूर चलने पर अरमान नाम का एक और युवक आया और दोनों ने अचानक उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। इस घटना में पीड़ित के शरीर पर चाकू के कई घाव हो गए और वह बेहोश हो गया।

दिल्ली के एम्स में चल रहा है इलाज
आरोपी उसे मरा हुआ समझकर वहीं छोड़ गए। जब उसे होश आया तो उसने खुद को दिल्ली के एम्स अस्पताल में पाया। उसकी पत्नी सोनम वहीं बैठी थी। उसने बताया कि जब उसने अपनी पत्नी से पूछा कि क्या हुआ तो उसने कहा कि उसे कुछ नहीं पता।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img