अमर सैनी
नोएडा। सेक्टर-151 आरडब्ल्यूए और सेक्टर के लोगों के साथ विद्युत निगम के अभियंताओं ने नोएडा आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बैठक की गई। इसमें सेक्टर की तमाम बिजली की समस्याओं पर चर्चा की गई और त्वरित समाधान की मांग उठाई गई। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मास्टर बीएस चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सेक्टर की बिजली से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। सेक्टर के लगभग 80 प्रतिशत क्षेत्र में तीन-फेज बिजली की लाइन नहीं है। सेक्टर में चार ट्रांसफार्मर की आवश्यकता होने के बावजूद केवल एक 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इससे सेक्टर में ट्रिपिंग की समस्या बरकरार बनी हुई है। बिजली कटौती भी हो रही है। शिकायत करने के बाद भी गंभीरता से सुनवाई नहीं हो रहती है। उन्होंने बताया कि बिजली ढ़ांचे के अभाव में लोगों को तमाम तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की तमाम समस्याओं पर विद्युत निगम के अभियंताओं ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर विद्युत निगम के एसडीओ कुलदीप सिंह, जेई महेश चंद्र और आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष धीरेंद्र बंसल, शिव बचन सिंह व अतिरिक्त सचिव अजय कुमार वैश्कीयार उपस्थित रहे।


