नोएडा में रेट पूछने का आरोप लगाने वाली लड़की का नया वीडियो वायरल
रिपोर्ट: अमर सैनी
सोशल मीडिया पर नोएडा की एक लड़की का वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह पुलिस चौकी के सामने रोती हुई नजर आई। लड़की ने एक युवक पर गार्डन गैलेरिया मॉल में रेट पूछने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। उस वीडियो को समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी पोस्ट किया। लेकिन अब उसी लड़की का एक नया वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह समझौते की बात कह रही है। लड़की ने यह भी बताया कि बढ़ावे-चढ़ावे में आकर उसने वीडियो पोस्ट कर दिया था। वायरल हो रहे नए वीडियो में लड़की घर के अंदर नजर आ रही है। उसने कहा, ‘मेरा नाम मंजू है। कल चार तारीख को मैं, मेरे पति और देवर गार्डन गैलेरिया मॉल गए थे। वहां एक ग्रुप के साथ हमारी कहासुनी हो गई। बात ज्यादा बढ़ गई। इसके बाद पुलिसकर्मी आए और हमें चौकी पर ले गए। वहां हम दोनों ग्रुप्स ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। जो वीडियो डाली थी मैंने कल… वो शायद किसी के बढ़ावे-चढ़ावे में डाल दिया था। लेकिन अब हम पुलिस की कार्रवाई से काफी संतुष्ट हैं। थैंक्यू।’


