एम्स के नजदीकी मेट्रो स्टेशन-बस स्टॉप से अस्पताल के अंदर तक का सफर होगा मुफ्त

नई दिल्ली, 31 जुलाई : एम्स दिल्ली के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर अन्य द्वारों से ऑटो रिक्शा या ई -रिक्शा के जरिये न्यू राजकुमारी अमृत कौर ओपीडी जाने वाले मरीजों को जल्द ही भीषण गर्मी और उमस से निजात मिलने वाली है। दरअसल, एम्स प्रशासन ने मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए एम्स के नजदीकी मेट्रो स्टेशन व बस स्टॉप पर वातानुकूलित बसें तैनात करने का फैसला किया है, वो भी रियायती दरों पर।

एम्स प्रवक्ता डॉ रीमा दादा ने बताया कि निदेशक डॉ श्रीनिवास के निर्देश पर नजदीकी मेट्रो स्टेशनों और बस स्टॉपों पर इलेक्ट्रिक बसें तैनात करने का फैसला लिया गया है। ये बसें पूर्णतः वातानुकूलित होंगी। निर्देश के तहत मरीजों और उनके तीमारदारों को एनआरएके ओपीडी व अन्य चिकित्सा उपचार केंद्रों तक का सफर बेहद रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए लाजपत नगर, साउथ एक्स, ग्रीन पार्क जैसे मेट्रो स्टेशनों के साथ किदवई नगर, गौतम नगर और भीकाजी कामा प्लेस सहित अन्य कई बस स्टॉप को चिन्हित किया गया है।

डॉ दादा के मुताबिक ये इलेक्ट्रिक बसें 20 सीटों की क्षमता वाली होंगी जिनमें एयर-कंडीशनिंग फैसिलिटी, लो फ्लोर और व्हीलचेयर एक्सेस करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा, इस ई -बस सेवा से जहां मरीजों को ओपीडी व अन्य केंद्रों तक आने -जाने के लिए ऑटो रिक्शा और ई -रिक्शा के महंगे किराये से मुक्ति मिलेगी। वहीं, ई-बस के रियायती किराये से कुछ बचत भी हो सकेगी।

ई-बस सेवा की मुख्य विशेषताएं
बेहतर कनेक्टिविटी और सेवाओं से जहां मरीजों को ऑटो रिक्शा, टैक्सी व निजी परिवहन सेवाओं का उपयोग करने की जरुरत नहीं पड़ेगी। वहीं, पेट्रोल -डीजल चालित वाहनों की आवाजाही में कमी आने से वायु प्रदूषण में कटौती होगी। साथ ही बस शेल्टर की जानकारी देने के लिए कॉल बटन की सुविधा भी होगी। बेहतर सुरक्षा और लाइव मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस ट्रैकिंग, रियल-टाइम बस ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

हर 10 मिनट पर मिलेगी ई बस
डॉ. दादा ने कहा कि ये बसें पीक आवर्स में सुबह 7 से शाम के 7 बजे तक हर 10 मिनट पर उपलब्‍ध होंगी। इनमें मरीजों की सुविधा के लिए कॉल बटन, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस ट्रैकिंग सहित लाइव मॉनिटरिंग की सुविधा होगी। एक पेशेंट एप भी होगा जिससे रियल टाइम बस ट्रैकिंग और सर्विस फीडबैक दिया जा सकेगा। मरीज एम्स स्‍मार्ट कार्ड या यूपीआई से बस के किराए का भुगतान कर सकेंगे।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img