जिले में सामान्य से 87 फीसदी कम बारिश

अमर सैनी

नोएडा। इस मानसून नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सामान्य से 87 फीसदी कम बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली-एनसीआर के शहरों में भी दोनों शहरों से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट के अनुसार नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक जून से लेकर 28 जुलाई तक 25.5 मिलीमीटर बारिश हुई। निर्धारित अवधि में यहां सामान्य बारिश 196.4 मिलीमीटर होती है। पड़ोसी जिला और दिल्ली में भी यहां से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। गाजियाबाद में 28 जुलाई तक 39 प्रतिशत कम बारिश हुई। यहां सामान्य बारिश 198 मिलीमीटर है। जबकि अब तक 119.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। नोएडा-ग्रेनो में जुलाई के पहले हफ्ते में दो दिन मूसलाधार बारिश हुई। इसके बाद से काफी कम बारिश हुई। दिल्ली के भी नौ स्थानों में से सबसे कम बारिश पश्चिमी दिल्ली में 68 प्रतिशत कम बारिश हुई। बाकी अन्य स्थानों पर इससे ज्यादा बारिश हुई। जुलाई पहले हफ्ते से ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बादलों की आवाजाही है, लेकिन मूसलाधार बारिश नहीं हुई। कई बार तो मौसम विभाग के अलर्ट के बाद भी बदरा नहीं बरसे। लिहाजा, करीब एक महीने लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। जुलाई में आर्द्रता 70 प्रतिशत से 99 प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि, इस हफ्ते भी सातों दिन हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

मुरादाबाद में सबसे अधिक बरसे बदरा

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी गौतमबुद्ध नगर (नोएडा-ग्रेटर नोएडा) में सबसे कम बारिश हुई। नोएडा-ग्रेनो के बाद सबसे कम बारिश शामली में हुई्र। एक जून से 28 जुलाई तक यहां सामान्य से 76 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। मुरादाबाद में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां सामान्य से 63 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। इनके अलावा मेरठ में नौ प्रतिशत कम बारिश हुई। हापुड़ में 38 प्रतिशत, मुजफ्फर नगर में 17 प्रतिशत, बागपत में 47 प्रतिशत, बुलंदशहर में 31 प्रतिशत अमरोहा में 43 प्रतिशत दर्ज की गई। आगरा में सामान्य जितनी बारिश हुई।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन स्थानों पर सामान्य से कम बारिश

गौतमबुद्धनगर : 87 प्रतिशत कम

शामली : 76 प्रतिशत कम

मथुरा : 49 प्रतिशत कम

बागपत : 47 प्रतिशत कम

अमरोहा : 43 प्रतिशत कम

दिल्ली-एनसीआर में सबसे कम बारिश

नोएडा-ग्रेनो : 87 प्रतिशत कम

पश्चिमी दिल्ली : 68 प्रतिशत कम

गाजियाबाद : 39 प्रतिशत कम

गुरुग्राम : 27 प्रतिशत कम

फरीदाबाद : 33 प्रतिशत कम

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img