मंत्री ने अफसर और विधायकों के साथ की बैठक, विकास पर दिया जोर

अमर सैनी

नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने गौतमबुद्ध नगर का दौरा किया। यह दौरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। मंत्री ने सबसे पहले जिलाधिकारी कार्यालय में वृक्षारोपण किया। उसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के सभागार में जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
इस बैठक में जल जीवन मिशन, हर घर जल योजना, गौ संरक्षण, किसान कल्याण योजनाएं, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने इन सभी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।गोवंश संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले की सभी गौशालाओं में मानकों के अनुरूप गोवंश की देखभाल की जाए और उन्हें पर्याप्त चारा उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी विकास कार्यक्रमों के लिए माइक्रो प्लान तैयार करें। उन्होंने कहा कि इससे जनपद का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर दिया जोर
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एडिशनल सीपी बबलू कुमार ने मंत्री को जनपद की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। मंत्री ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सतर्क रहें। मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें।

डीएम ने किया बैठक का संचालन
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बैठक का संचालन किया और मंत्री को विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का अक्षरश पालन किया जाएगा और विकास कार्यों में और अधिक गति लाई जाएगी।इस महत्वपूर्ण बैठक में दादरी के विधायक तेजपाल नागर, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, नगर पालिका परिषद दादरी की अध्यक्ष गीता पंडित समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img