Gold Ring Robbery: ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर से सोने की अंगूठी लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, CCTV में कैद हुई घटना
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-1 में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक इंजीनियर को निशाना बनाते हुए उनके हाथ से सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात के दौरान बदमाशों ने विरोध करने पर पीड़ित को गोली मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद घटना के 13 दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर बीटा-1 में रहने वाले इंजीनियर आरिफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 अक्टूबर को वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके हाथ से सोने की अंगूठी लूट ली। जब आरिफ ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान बदमाशों की गतिविधियां पास के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। वारदात के बाद पीड़ित संबंधित पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, आरिफ का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई और 13 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
मामले में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


