Illegal Dumping: ग्रेटर नोएडा में अवैध डंपिंग पर प्राधिकरण सख्त, एम्स गोल्ड होम पर 40,400 रुपये का जुर्माना
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में कचरे का उचित प्रबंधन नहीं करने और अवैध स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक अवैध डंपिंग स्थल पर कूड़े से धुआं उठने की सूचना मिलने के बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग बुझाने के बाद कूड़े से मिले साक्ष्यों के आधार पर सेक्टर-4 स्थित एम्स गोल्ड होम सोसाइटी पर 40,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, सेक्टर पाई-1 और पाई-2 के पास अवैध रूप से हॉर्टिकल्चर वेस्ट डालते हुए एक डंपर पकड़ा गया। उसे जब्त कर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक अवैध डंपिंग ग्राउंड में कूड़े से धुआं उठने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दमकल की सहायता से आग बुझवाई। घटनास्थल पर मिले कचरे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के सहायक प्रबंधक गौरव बघेल के नेतृत्व में टीम ने एम्स गोल्ड होम सोसाइटी पहुंचकर जांच की।
प्राधिकरण के मुताबिक, एम्स गोल्ड होम सोसाइटी बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आती है। ऐसे संस्थानों और सोसाइटियों को अपने यहां उत्पन्न होने वाले ठोस कचरे का नियमानुसार प्रबंधन करना होता है। आरोप है कि सोसाइटी की ओर से कचरे का उचित प्रबंधन नहीं किया गया और उसे अवैध डंपिंग स्थल पर फेंका गया। इसी आधार पर सोसाइटी पर 40,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी अभियान के तहत प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक आरके भारती ने अपनी टीम के साथ सेक्टर पाई-1 और पाई-2 की सर्विस रोड पर 130 मीटर रोड के पास कार्रवाई की। टीम ने यहां एक डंपर पकड़ा, जिसमें भरा हॉर्टिकल्चर वेस्ट पास के खाली प्लॉट में डाला जा रहा था। प्राधिकरण ने डंपर को जब्त कर लिया और संबंधित मामले में 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
प्राधिकरण का कहना है कि शहर में कचरे के अवैध निस्तारण पर रोक लगाने और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। खास तौर पर बल्क वेस्ट जनरेटरों को अपने यहां निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बल्क वेस्ट जनरेटरों से अपील की है कि वे कचरे का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार करें। उन्होंने शहरवासियों से भी ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध डंपिंग और कचरे के अनुचित निस्तारण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।


