World Food Day: जीडी गोयनका स्कूल में भोजन की बर्बादी रोकने के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक
नोएडा। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में बुधवार को विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को भोजन की बर्बादी रोकने और पौष्टिक खान-पान के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्कूल में विभिन्न मनोरंजक और शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भोजन के महत्व और उसे व्यर्थ न करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नर्सरी-ए और नर्सरी-बी के नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सभा का संचालन किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व खाद्य दिवस के महत्व को समझाया और बताया कि हमारे दैनिक जीवन में भोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यार्थियों ने गीत और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि भोजन केवल भूख मिटाने का साधन नहीं है, बल्कि शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्रदान करने, स्वस्थ रहने और बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए भी जरूरी है। बच्चों की प्रस्तुतियों में स्वस्थ, पौष्टिक और संतुलित भोजन अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि भोजन की जरूरत के अनुसार ही मात्रा लेना चाहिए और खाने को व्यर्थ नहीं करना चाहिए। इसके साथ ही बच्चों को स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
नन्हे विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने भोजन के महत्व और उसकी बर्बादी रोकने का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। स्कूल में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही भोजन के प्रति सम्मान, संतुलित आहार और जिम्मेदार खान-पान की आदत विकसित करना रहा।

