Noida Crime: इलाज के बाकी 25 हजार रुपये मांगने पर महिला डॉक्टर को धमकी, कार का शीशा तोड़ा
नोएडा। इलाज की पूरी फीस मांगने पर एक मरीज द्वारा महिला डॉक्टर को कथित तौर पर धमकी देने और उनकी कार का शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है। डॉक्टर ने आरोपी और उसके साथियों पर घर के आसपास घूमकर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर सेक्टर-113 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-79 निवासी डॉ. लूना सिन्हा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका क्लीनिक सेक्टर-116 में है। उनके अनुसार बीते महीने प्रशांत शर्मा नाम का एक मरीज इलाज के लिए क्लीनिक आया था। मरीज ने इलाज के लिए 25 हजार रुपये जमा किए थे और इसके बाद उसका उपचार किया गया। डॉक्टर के मुताबिक इलाज का कुल खर्च 50 हजार रुपये आया।
शिकायत में डॉक्टर ने आरोप लगाया कि इलाज पूरा होने के बाद मरीज से बाकी 25 हजार रुपये जमा करने को कहा गया, लेकिन वह शेष राशि देने के लिए तैयार नहीं था। डॉक्टर के अनुसार जब उन्होंने पूरी फीस जमा करने के लिए कहा तो आरोपी ने उन्हें देख लेने की धमकी दी।
डॉक्टर का आरोप है कि आरोपी ने उनकी अनुमति के बिना क्लीनिक की तस्वीरें भी खींचीं। इसके बाद इलाज से संबंधित शिकायत को लेकर उन्हें एक नोटिस भेजे जाने की बात भी कही गई है। डॉक्टर के अनुसार चार अक्टूबर को आरोपी ने बिना अनुमति उनके घर का गेट खोल दिया। उस समय उनका बेटा बाहर खेल रहा था, जिससे वह डर गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। डॉक्टर ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी के कुछ साथी लगातार उनके घर के आसपास घूम रहे हैं, जिसके कारण उन्हें डर बना हुआ है।
पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है और घटनाक्रम से संबंधित साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।


