Dowry Harassment: दहेज में स्कॉर्पियो और मकान की मांग, विवाहिता से मारपीट का आरोप
नोएडा। चिटहेरा गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चिटहेरा गांव निवासी एंजेल भाटी की शादी 22 फरवरी 2023 को गाजियाबाद के माधोपुरा, विजयनगर निवासी क्षितिज चावरा के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि उसके मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ससुराल वाले दहेज में स्कॉर्पियो कार देने का दबाव बना रहे थे। इसके साथ ही विवाहिता की मां के नाम दर्ज मकान को भी अपने नाम कराने की मांग की जा रही थी। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति भी अपने परिजनों के कहने पर उसके साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के मुताबिक 20 फरवरी 2026 की रात पति ने परिजनों के कहने पर उस पर चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति क्षितिज चावरा, सास पूनम, ससुर भारत भूषण, ननद रितिका, मौसा, मौसी, मेघना, साक्षी और देवर मीत चावरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।


