Bus Fire: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-148 के पास चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। चालक ने समय रहते बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को नीचे उतार दिया, जिससे सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डबल डेकर बस नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रही थी। सेक्टर-148 के पास परी चौक की तरफ जाने वाले मार्ग पर अचानक बस से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में धुएं के साथ बस में आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को देखते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया।
यात्रियों के बाहर निकलने के बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते बस आग की लपटों से घिर गई। इस दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ। धमाके की आवाज सुनकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक्सप्रेसवे पर खड़ी डबल डेकर बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। वीडियो में बस से उठता धुआं और तेज लपटें साफ नजर आ रही हैं। इसी दौरान बस में तेज धमाका होने की बात भी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराने का प्रयास किया।
बस में आग लगने के कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। दमकल विभाग की टीम घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।


